बसपा सुप्रीमो मायावती के एक्शन के बाद से ही भतीजे आकाश आनंद कुछ बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि बुआ मायावती के एक्स पर दिए किसी बयान को आकाश ने आगे नहीं बढ़ाया है। इसे लेकर सियासी गलियारों में यह चर्चा खास हो गई है कि कहीं ससुर अशोक सिद्धार्थ पर हुई कार्रवाई से आकाश आहत तो नहीं हैं? दरअसल, कुछ समय पहले मायावती ने पार्टी के उत्तराधिकारी के तौर पर आकाश आनंद के नाम की घोषणा की थी। इस बीच हाल में ही मायावती ने आकाश के ससुर और पार्टी में दक्षिणी राज्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निष्काषित कर दिया है। इसकी जानकारी जब मायावाती ने सोशल मीडिया जरिए दी तो आश्चर्यजनक तरीके से आकाश ने इसे आगे नहीं बढ़ाया। माना जा रहा है कि ऐसा पहली बाद देखने को मिला है। यही नहीं, 16 फरवरी को पार्टी में उत्तराधिकार और रिश्तों को महत्वहीन बताती मायावती की पोस्ट पर भी आकाश आनंद की चुप्पी एक नई सियासी चर्चा को जन्म देती दिख रही है। हालांकि बुआ की दो पोस्ट से दूरी बनाने के बाद आकाश ने सोमवार को मायावती की बैठक की तस्वीरें और पोस्ट शेयर करके चर्चाओं को विराम देने की कोशिश भी की है। इधर, 16 फरवरी के पोस्ट में मायावती ने भी पार्टी के उत्तराधिकारी के गुण तो बताए, लेकिन कहीं आकाश आनंद का नाम नहीं लिया। ऐसे में मायावती और आकाश आनंद के बीच की सियासी खिचड़ी को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
