प्रतियोगी छात्रों और पुलिस से फिर हुई तीखी झड़प, आईडी प्रूफ मांगने पर भड़के छात्र, बुलाई गई फोर्स
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

प्रतियोगी छात्रों और पुलिस से फिर हुई तीखी झड़प, आईडी प्रूफ मांगने पर भड़के छात्र, बुलाई गई फोर्स

 


उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के सामने बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रतियोगी छात्र और पुलिस में झड़प हो गई। स्थिति मारपीट और हाथपाई तक आ गई। इससे हलचल मच गई। छात्रों के उग्र रुख को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स बुला ली गई। मामला उस समय बिगड़ा जब आयोग के पास टीबी सप्रू रोड पर लगे बैरिकेडिंग के बीच से होकर छात्र यूपीपीएससी गेट की तरफ आ रहे थे। यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों छात्रों पर बाहरी होने का शक जताते हुए आईडी प्रूफ मांग लिया। इसको लेकर छात्र उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। इससे स्थिति बिगड़ गई। छात्रों और पुलिस से काफी देर तक झड़प और नोकझोंक हुई। स्थिति मारपीट और हाथपाई तक पहुंच गई। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र जुट गए और पुलिसकर्मियों से उलझ गए। यह देखते हुए मौके पर अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। 

सिविल लाइंस के चौतरफा रास्तों पर लगे जाम की वजह से राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों के आंदोलन व वीआईपी मूवमेंट के चलते कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। स्कूलाें की छुट्टी के समय यातायात का दबाव बढ़ने पर हालात और खराब हो गए और कुछ जगहों पर आवागमन थोड़ी देर के लिए बाधित भी रहा। छात्रों के आंदोलन के चलते स्टेनली रोड पर पत्रिका से लोकसेवा आयोग चौराहे तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

सिविल लाइंस से लखनऊ, प्रतापगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को अन्य मार्गों पर डायवर्ट कर भेजा जा रहा है। उधर इस रूट पर आने वाले वाहनों को लोकसेवा आयोग व म्योहाल चौराहे से कर्नलगंज व सिविल लाइंस की ओर से भेजा जा रहा है।

इसके चलते म्योहाल से धोबीघाट, विवेकानंद व एकलव्य चौराहे तक के रास्ते पर जबरदस्त भीड़ रही। यही हाल लोक सेवा आयाेग से हिंदू हॉस्टल व इंडियन प्रेस चौराहे तक के रास्ते पर रहा। स्कूलों की छुट्टी के दौरान अचानक यातायात का दबाव बढ़ा तो चौतरफा वाहन रेंगने लगे। 

उधर वीआईपी मूवमेंट के चलते बड़ी संख्या में यातायात पुलिस के जवानों को नैनी में भी तैनात किया गया था। इसके चलते भी यातायात व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन में मुश्किलें हुईं। नतीजा यह हुआ कि दोपहर 12:30 बजे से लेकर 2:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर राहगीर जाम से जूझते रहे। एडीसीपी यातायात कुलदीप सिंह ने बताया कि रामबाग फ्लाईओवर पर मेडिकल चौराहे के पास एक गाड़ी खराब हो गई थी। इस कारण से भी यातायात धीमा रहा। जाम लगने जैसी स्थिति नहीं रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies