जिम्मेदारों की मिलीभगत से बिना कार्य कराए ही निकल गए 2.61 लाख रुपये
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

जिम्मेदारों की मिलीभगत से बिना कार्य कराए ही निकल गए 2.61 लाख रुपये

 


कागजों में चल रहा विद्युत लाइन मरम्मत कार्य।


कर्नलगंज,गोण्डा। प्रदेश की योगी सरकार एक तरफ भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लगातार दावे कर रही है,वहीं दूसरी तरफ धरातल पर हकीकत ठीक उसके विपरीत नजर आ रही है। जिसके जीते जागते उदाहरण के तौर पर कर्नलगंज में विद्युत विभाग के जिम्मेदारों की मिलीभगत से बिना कार्य कराये ही बिल बाउचर पास करके भुगतान कर सरकारी धन का बंदर बांट करने का मामला सामने आया है। 

मामला विद्युत उपकेंद्र कर्नलगंज से जुडा है। बीते 20 जनवरी 2023 को अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय कर्नलगंज द्वारा अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल गोण्डा को पत्र प्रेषित किया गया था। जिसमें बिजनेस प्लान वर्ष 2023-24 के तहत परसपुर फीडर पर स्वीकृत डैनियागंज से बाबागंज डबल पोल व बबुरास से पाठक पुरवा शीशामऊ तक जर्जर कंडेक्टर, क्रास आर्म बदलने एवं खराब लाइन रिपेरिंग, मेंटेनेंस का कार्य शामिल था। जिस पर अधीक्षण अभियंता व मुख्य अभियंता वितरण द्वारा सामग्री, कार्टेज, टी. एंड पी. सरचार्ज, लेबर चार्ज आदि के लिए 261689 रुपये की स्वीकृति दे दी गई। भंडार खंड पर सामग्री के लिए मांग पत्र भी प्रेषित किया गया। यही नहीं कागजों में कार्य भी कराया जा चुका है। लेकिन स्वीकृत विद्युत लाइन में अभी तक कोई कार्य नही कराया गया है। इस तरह बिना कार्य कराये ही सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है।


क्या कहते हैं प्रधान, बीडीसी व ग्रामीण-


ग्राम प्रधान शीशामऊ बृहस्पति कुमार दुबे, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामजी तिवारी, पुष्पेंद्र शुक्ल, ज्ञानचंद दुबे ने बताया की डेढ़ वर्ष से अधिक समय पूर्व विद्युत पोल व तार टूटने की वजह से बबुरास गांव व गोकुल पुरवा के बीच नया पोल स्थापित करते हुए करीब 300 मीटर तार लगाया गया था। उसके बाद से अब तक विद्युत लाइन में कोई कार्य नहीं कराया गया है। प्रधान व बीडीसी ने बताया की जर्जर तार टूटने की वजह से गोकुल पुरवा व पाठक पुरवा के बीच अशोक कुमार तिवारी की तीन व राम चरित्र की एक भैंस, राम कृपाल शुक्ल की एक गाय मौत की नींद सो चुकी है। ग्राम करुआ निवासी शेष कुमार पाण्डेय व राहुल पाण्डेय ने बताया कि डैनियागंज से बाबागंज के बीच विद्युत लाइन में कोई कार्य नहीं कराया गया है। तार टूटने पर उसे केवल जोड़कर पुनः सप्लाई देने का कार्य हुआ है।


क्या कहते हैं जिम्मेदार-


अवर अभियंता पवन कुमार ने बताया की कुछ कार्य कराया गया है। शेष बचा हुआ कार्य भी कराया जायेगा। एसडीओ नृसिंह नरायन भारती ने बताया की भुगतान के संबंध में अधिशाषी अभियंता बता पाएंगे। वैसे इस कार्य पर अभी भुगतान नहीं हुआ है। हो सकता है ठेकेदार को सामान ना मिल पाया हो। अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार मे बताया कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। जांच कराने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies