मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की शरण मे यूपी सरकार की पूरी कैबिनेट: मंत्रियों-विधायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के किये दर्शन।
अयोध्या। यूपी सरकार की पूरी कैबिनेट रविवार को श्री राम की शरण मे रही। मंत्रियों-विधायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के दर्शन किये। जगह-जगह पर लोगों ने पुष्पवर्षा के साथ जय श्री राम के उद्धोष से जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। हालांकि सपा ने भगवान श्रीराम से दूरी बनाए रखी, रविवार को श्री राम के दर्शन के लिए विधानसभा अध्यक्ष के आह्वान पर बीजेपी के सहयोगी दल के साथ आरएलडी, बसपा और कांग्रेस के भी विधायक अयोध्या पहुंचे।
आपको बताते चलें कि सीएम योगी और विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के आग्रह पर रविवार को समाजवादी पार्टी को छोड़कर सभी दल के विधायक और योगी सरकार के विधायक, मंत्रियों ने 10 लग्जरी बसों से अयोध्या पहुँच कर रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित दिखे और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ मंदिर परिसर में बैठकर प्रभु श्रीराम का गुणगान किया। इस दौरान सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई। इसकी कमान खुद गृह सचिव संजय प्रसाद और डीजीपी प्रशांत कुमार ने संभाली। इसके साथ ही वीवीआईपी मूमेंट के दौरान आम श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा गया। अयोध्या धाम में रविवार को मंत्रिमंडल के साथ बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु अपने बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पाकर काफी गदगद नजर आए और पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्धोष से गूंज उठा।
वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले भगवान राम सबकी मनोकामना पूरी करें और तीसरी बार 400 पार के साथ प्रचंड बहुमत की मोदी सरकार देश में बने। डिप्टी सीएम ने कहा कि विधान परिषद और विधानसभा के सभी सदस्य आज भगवान रामलला के दर्शन के लिए आए हैं, सभी आनंदित हैं, जो नहीं आए हैं वो केवल सपा है और सपा मतलब सफा है।
वहीं यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को विरासत में इनके पुरखों ने सनातन धर्म का विरोध दिया है। राम भक्तों पर गोली चलवाने का काम जिन्होंने किया वह किस मुंह से यहां आएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष में सभी तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोग हैं, चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी हो।
बता दें कि भगवान रामलला के दर्शन को पूरी योगी सरकार अयोध्या पहुंची। जहां पहुंचने पर ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी विधायकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम योगी विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ सभी ने रामलला के दरबार मे भजन कीर्तन भी किया।
स्थानीय लोगों ने स्वागत मे की पुष्पवर्षा और लगाए जय श्री राम के नारे
बाराबंकी मे माननीयों ने किया नाश्ता
रामलला के दर्शन के लिए यूपी के विधायक और मंत्रियों का काफिला लगभग 9 बजेसुबह 10 लग्जरी बसों से लखनऊ से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। सभी जनप्रतिनिधियों के नाश्ते की व्यवस्था रास्ते में बाराबंकी में की गई थी, जहां पर नाश्ता करने के बाद जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सभी आगे के लिए रवाना हो गए। विधायकों और मंत्रियों का काफिला करीब 11.30 बजे अयोध्या पहुंचा जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या धाम पहुंचे।
वहीं विधायक और मंत्रियों का समूह जैसे ही श्रीरामजन्म भूमि पहुंचा, वहां पर पहले से मौजूद स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और जय श्री राम के नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उत्साहित जनता ने बुलडोजर पर सवार होकर पुष्पवर्षा की। वहीं बसों पर सवार विधायक, मंत्री हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। पूरा वातावरण जय श्री राम के जयकारों से राममय दिखा।
लंबी कतार में खड़ी महिलाओं ने भी पुष्प वर्षा कर यूपी के विधायकों का स्वागत किया। इस दौरान लोक कला के कलाकरों द्वारा अलग अलग विधा से लोक नृत्य के जरिये सभी जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। इतना ही नहीं स्कूल के बच्चे भी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते नजर आए।
विधायकों और मंत्रियों को गेट नंबर 11 से प्रवेश दिया गया। इसके बाद सभी विधायक और मंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अगुवाई में रामलला के दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद सभी विधायकों और मंत्रियों को प्रसाद भी दिया गया। वहीं सभी ने परिसर मंदिर में भोजन भी किया।
यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दर्शन करने के बाद कहा कि मैं काफी भावुक हूं क्योंकि मैं उस समय यहां पर आया था जब 1990 में यहां गोली चली थी। उस समय यहां पर आया था जिस समय चबूतरे का निर्माण हुआ था और उसके भी पहले उस समय आया था जब इस स्थान पर एक ढ़ांचा खड़ा था, जो 6 दिसंबर को हमारे सामने टूटा। सबसे सौभाग्य की बात है कि भगवान के प्रत्यक्ष रूप से दर्शन करने का सौभाग्य आज प्राप्त हुआ। इसके अलावा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष राजा भैया और बीएसपी के विधायक उमाशंकर सिंह भी विधायकों के साथ अयोध्या रामलला के दर्शन करने पहुंचे।
भीड़ को देखते हुए मंत्रियों विधायकों का हनुमानगढ़ी का दर्शन प्रोग्राम रद्द
प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने बताया उत्तर प्रदेश के विधानसभा के दोनों सदनों के सम्मानित सदस्य विधानसभा अध्यक्ष विधानसभा के सभापति समेत सभी मंत्री और विधायक 10 बसो से अयोध्या आए। समयाभाव और भीड़ के कारण माननीय हनुमानगढ़ी नहीं गए सारा कार्यक्रम राम जन्मभूमि परिसर में ही संपन्न हुआ।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
