ताज महोत्सव भारतीय कला, संस्कृति और शिल्पियों को मंच प्रदान करता है-जयवीर सिंह
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

ताज महोत्सव भारतीय कला, संस्कृति और शिल्पियों को मंच प्रदान करता है-जयवीर सिंह



लखनऊ : 16 फरवरी, 2024

यमुना नदी के तट पर बसा आगरा का नाम जब भी आता है, तो दिमाग में पहला नाम ताजमहल का आता है। विश्व के सात अजूबों में शामिल इस आकर्षण को देखने के लिए देश-दुनिया से बड़ी संख्या में लोग आगरा भ्रमण पर आते हैं। हर वर्ष लगने वाला 10 दिवसीय ताज महोत्सव आगरा में बहुप्रतीक्षित कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें देश और विदेश से पर्यटक आते हैं। बीते वर्षों से जरा हटकर इस बार ताज महोत्सव में लोगों को भारत की विविध कला, संस्कृति और शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण संबंधी विभिन्न गतिविधियों का बढ़ावा देने का प्रयास किया जायेगा।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री 

 जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से ताज महोत्सव यहां की रौनक में चार-चांद लगा रहा है। 17 फरवरी से शुरू होने वाले इस भव्य आयोजन में नारी सशक्तिकरण की मिसाल देखने को मिलेगी। यहां पहली बार पारंपरिक पारिधान दौड़, बाइक रैली, हॉट एयर बलून और काइट फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही यमुना महाआरती और पुष्प प्रदर्शनी भी महोत्सव का आकर्षण होंगे।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि संस्कृति और समृद्धि थीम पर 17 से 27 फरवरी पर तक आयोजित ताज महोत्सव से एक दिन पूर्व 16 फरवरी को पारंपरिक पारिधान दौड़ अटल उद्यान सेल्फी पॉइंट से शिल्पग्राम तक हुई, जिसमें लगभग ढाई सौ लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें महिलाओं की भागीदारी अधिक रही। वहीं 17 फरवरी को शाम 8 बजे से सुर सदन, संजय पैलस आगरा में मुशायरे का आयोजन होगा। इसमें वसीम बरेलवी, मुमताज़ नसीम और अल्त्मश अब्बास जैसे नामी शायर अपनी नज्म पेश करेंगे।

 जयवीर सिंह ने बताया कि 17 से 27 फरवरी तक इस महोत्सव में देश के सभी कोनों से कलाकार अपनी शिल्प कलाओं और कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही स्वाद के शौकीनों को स्वादिष्ट व्यंजन अपनी ओर खींचेंगे। शाम को खुशनुमा बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश विदेश के कई मशहूर व स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति से लोगों को आनंदित करेंगे। 18 फरवरी को हॉट एयर बलूनिंग के साथ यमुना आरती का भी आयोजन होगा। 19 फरवरी को दि ताज आगरा बाइक रैली, आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट से अटल उद्यान तक निकलेगी।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि महोत्सव में 18 व 19 फरवरी को सुर सरोवर पर सुबह साढ़े सात बजे तक बर्ड वाचिंग इवेंट का आयोजन किया गया है। यहां पेंटेड स्टार्क, इंडियन कार्मोरंट, लेसर कार्मोरंट, नादर्न शोवलर, ब्लैक हेडेड एंड रेड नेप्ड आइबिस आदि पक्षियों को देखने का मौका मिलेगा। वहीं 25 व 26 फरवरी को ग्यारह सीढी पार्क में काइट फेस्टिवल का अयोजन होगा। 24 व 25 फरवरी को ताज व्यू गार्डन में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। 25 फरवरी को गजल संध्या भी सजेगी, जिसमें मशहूर गजल गायक रूप कुमार राठोड़ और सोनाली राठोड़ अपनी प्रस्तुति देंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा में आयोजित ताज महोत्सव भारतीय कला, संस्कृति और शिल्पियों को एक मंच प्रदान करता है, जिससें देश की समृद्ध संस्कृति, कला व खानपान को देश-विदेश तक प्रचरित प्रसारित करने का अवसर मिलता साथ ही क्षेत्र में रोजगार भी बढ़ता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies