मिर्जापुर,पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव के फारम मौजा में मंगलवार को सुबह करीब छह बजे सर्पदंश से एक बालिका की मौत हो गई।
गांव निवासी मनोज कोल की पुत्री लक्ष्मीना (6) सोमवार की रात अपने मां नीलम के साथ घर में चारपाई पर सोई थी। मंगलवार को सुबह मां उठकर घर के काम में लग गई। लक्ष्मीना ने नीद में करवट लिया तो उसका दाहिना हाथ चारपाई के किनारे दीवार के पास चला गया। मिट्टी की दीवार में दरार थी, जिसमें पहले से ही जहरीला सर्प था। सर्प ने बालिका का हाथ दीवार के पास पहुंचने पर उसे डस लिया। बालिका रोते हुए घर के बाहर आई और मां को सर्पदंश की जानकारी दी। परिजन अंदर पहुंचे तो सर्प चारपाई के पास ही बैठा था। जिसे मार दिया। परिजन लक्ष्मीना को अपने निजी साधन से हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए पटेहरा पीएचसी लेकर गए। जहां देखते ही डाॅ. बहाल अहमद ने उसे मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मीना तीन भाइयों में सबसे बड़ी थी। पुत्री की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता मनोज कोल ने बताया कि सर्पदंश से पुत्री की मौत हो गई।