मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव के सामने घायल अवस्था में मिले वृद्ध की सोमवार की शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। कछवां थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव निवासी गिरजा शंकर (75) बीते 20 मई को घर के पास घायल अवस्था में मिले थे। परिजन उपचार के लिए चंदौली के रामा देवी फ्रैक्चर हास्पिटल व ट्रामा सेंटर ले गए। वहां उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद ट्रामा सेंटर से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद परिजन फिर चंदौली के रामा देवी फ्रैक्चर हास्पिटल व ट्रामा सेंटर ले गए। जहां सोमवार की शाम मौत हो गई। गिरजा शंकर के पौत्र श्यामजीत ने कछवां थाने में तहरीर देकर शव के पोस्टमार्टम की मांग की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कछवां रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि घायल की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।