लखनऊ: 05 दिसम्बर, 2022
पर्यटन विभाग द्वारा जनपद चन्दौली के बरहनी में शहीद स्मारक स्थल सैयदराजा के सौन्दर्यीकरण हेतु 80 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में पर्यटन विभाग द्वारा आवश्यक शासनादेश जारी कर दिया गया है।
जारी शासनादेश के निर्देशों में कहा गया है कि स्वीकृत धनराशि के व्यय/आवंटन करने से पूर्व महानिदेशक कार्यालय द्वारा जिलाधिकारी की संस्तुति प्राप्त किया जाना जरूरी है। परियोजना के संबंध में समस्त आवश्यक वैधानिक अनापत्तियों एवं पर्यावरणीय क्लीयरेन्स सक्षम स्तर से प्राप्त किया जाए।
इसके अलावा निर्माण कार्यों में उच्च कोटि की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्यदायी संस्था द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों का पर्यवेक्षण महानिदेशक पर्यटन द्वारा सुनिश्चित कराया जायेगा। धनराशि का व्यय करते समय समय-समय पर वित्त विभाग द्वारा जारी शासनादेशों का अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
इसके अतिरिक्त परियोजना में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मानक एवं विशिष्टियों की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की होगी। प्रस्तावित निर्माण कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व भूमि की वैधानिक उपलब्धता सुनिश्चित करा ली जायेगी। सोलर लाइट/सौर ऊर्जा से संबंधित उपकरणों का क्रय नेडा से नियमानुसार किया जाए।
