प्रयागराज: प्रयागराज से बड़ी और दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात नवाबगंज थाना क्षेत्र के खागलपुर गांव की है। पत्नी और 3 बेटियों को धारदार हथियार से मौत के घाट उतारा गया है। वहीं, पति का शव बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पति के शरीर पर हथियार के जख्म तो नहीं हैं, लेकिन हाथ और बनियान पर खून की छीटें मिली हैं। मृतकों की पहचान पति राहुल तिवारी (42), पत्नी प्रीति (38) और तीन बेटी माही, पीहू और पोहू के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, मृतक राहुल की बहन का आरोप है कि उसका ससुराल वालों से काफी विवाद चल रहा है। ससुराल वालों ने ही हत्या को अंजाम दिया है।
वहीं, राहुल के बड़े भाई ने बताया कि राहुल 8-10 सालों से ससुराल में रहता था।
वहां उसने जमीन खरीदकर घर भी बनवाया। उसके 4 साले हैं। घर बनवाने के कुछ समय बाद ससुराल वालों से झगड़ा होने लगा। परेशान होकर राहुल खागलपुर गांव में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा। जांच के लिए 7 टीमें बनाई गईं
एसएसपी अजय कुमार ने कहा कि राहुल ने हत्या कर खुद फांसी लगा ली या किसी और ने पांचों की हत्या की है, इन सभी एंगल से पुलिस जांच कर रही है। कुल 7 टीमें तफ्तीश के लिए बनाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद स्थितियां साफ हो जाएंगी।
क्राइम सीन : एक के बाद एक खड़े हो रहे सवाल
घटनास्थल पर पहुंचते ही जिसने भी क्राइम सीन देखा, उसके मन में एक के बाद एक कई सवाल खड़े हो गए। दरअसल, राहुल तिवारी का शव फंदे पर झूल रहा था, जबकि पत्नी और बच्चों के शव बेड पर पड़े थे। हत्या के दौरान खून की छीटें दीवारों और कमरे पर फैली थीं।
मौत के विरोध को लेकर किए गए संघर्ष की वजह से बेड पर पड़े चारों के शवों के कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए हैं। इतनी ही नहीं, महिला के पैरों में और तकिए में भी खून लगा मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि बाथरूम में फंदे पर झूल रहे राहुल के शरीर पर जख्म तो नहीं दिख रहे, लेकिन बनियान और हाथ में खून लगा है। पांच लोगों की हत्या की जानकारी मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पांच महीने पहले 4 लोगों की हुई थी हत्या
प्रयागराज में करीब पांच महीने पहले एक ही परिवार के चार लोगों को कुल्हाड़ी से काट दिया गया था। मृतकों में पति (50), पत्नी (45), 17 साल की बेटी और 10 साल का बेटा शामिल थे। घटना फाफामऊ थाना क्षेत्र के मोहनगंज फुलवरिया क्षेत्र की थी। शवों से बदबू उठी तो पड़ोसी मौके पर पहुंचे। घर का मेन गेट भी टूटा था। मां-बेटी के कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...
2 साल पहले दो मासूम समेत 5 लोगों की गला काटकर हत्या हुई थी
प्रयागराज में दो साल पहले एक परिवार के 5 लोगों की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों में परिवार का मुखिया, उनके बेटे-बहू और तीन और सात साल के दो बच्चे शामिल थे। वारदात गंगापार के सोरांव के युसूफपुर गांव में हुई थी। घर में विजय शंकर तिवारी (58), उनके बेटे सोनू तिवारी (32), बहू सोनी तिवारी (28) और दो पोते कान्हा ( 7 ) और कुंज (3) का खून से लथपथ शव पड़ा था। सभी की हत्या गला काटकर की गई थी।
