प्रयागराज: यूपी के कौशांबी जनपद में दिल को दहलाने वाली घटना हुई। नलकूप की टंकी के पानी में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसा रविवार की भोर का है। घरवालों को पता तब चला, जब वह काफी देर बाद भी घर नहीं लौटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिवार के लोगों से पूछताछ भी की। अब यह जांच का विषय है कि यह हादसा है या फिर हत्या।
सैनी कोतवाली के सभुई गांव की घटना
सैनी कोतवाली क्षेत्र के सभुई गांव में बस्ती के बाहर स्थित नलकूप की टंकी में भरे पानी मे उतराता हुआ किशोर का शव रविवार की भोर में मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सीओ सैनी योगेंद्र कृष्ण नारायण व कोतवाली प्रभारी तेज बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बारीकी से किया निरीक्षण पुलिस ने शव को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया और निरीक्षण किया। इसके बाद शव कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेजा। पुलिस ने बारीकी से घटनास्थल का भी मुआयना किया ओर परिवार के लाेगों से पूछताछ की। इस घटना से किशोर के परिवार के लोग गमगीन हैं। अपने ही नलकूप पर गया था किशोर
सैनी कोतवाली क्षेत्र के सभुई निवासी अशोक कुमार साहू का गांव के बाहर स्थित खेत में नलकूप है। रविवार की भोर में करीब चार बजे उसका 15 वर्षीय बेटा निरहू ट्यूबवेल पर जाने के लिए घर से निकला था। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोग सशंकित हो गए। वह खेत की ओर गए। इसी बीच गांव के लोगों ने टंकी में भरे पानी में शव उतराते हुए देखा तो जानकारी घरवालों को दी।
