प्रयागराज: बात बढ़ी तो अपराधी ने दौड़ाकर अनुज को गोली मार दी। वह भागा तो एक और गोली मार दी। इससे लहूलुहान होकर वह गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गया। लहूलुहान हालत में युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज में सोमवार को सुबह बड़ी घटना हो गई। नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक अपराधी ने युवक पर तमंचे से फायर कर दिया। पेट्रोल भरने के दौरान आपस में कहासुनी हुई थी। इसके बाद तमंचा लेकर अपराधी ने युवक को दौड़ा लिया और गोली मारकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हाल में उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय फिर जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है लेकिन अभी वह पकड़ में नहीं आया है।
नवाबगंज के पेट्रोल पंप पर वारदात
नवाबगंज थाना क्षेत्र के पयासी का पूरा गांव निवासी 32 वर्षीय अनुज मिश्र सोमवार की सुबह वहीं के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के लिए पहुंचा था। अभी वह वाहन में पेट्रोल भरवा रहा था, इसी दौरान वहां एक और युवक पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।गोली मारकर अपराधी फरार
बात बढ़ी तो उस युवक ने अपने पास रखे तमंचा को निकाल लिया। यह देख अनुज वहां से भागा। दौड़ाकर उस युवक ने अनुज को गोली मार दी। फिर भी वह भागा तो एक और गोली मारी, जिससे लहूलुहान होकर वह गिर पड़ा। बताते हैं कि गोली मारने वाला युवक अपराधी है। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गया।

