प्रयागराज: SSP अजय कुमार ने दोनों सिपाहियों को जेल भेजकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि कानून सबके लिए बराबर है। अगर कोई पुलिसकर्मी गलत काम करेगा तो उसे भी जेल भेजेंगे। अभी तक आपने आम लोगों को ही नशे में धुत होकर तमंचे पर डिस्को करते देखा और सुना होगा। प्रयागराज में दो पुलिसवाले कार में सवार होकर तमंचे पर डिस्को करते देखे गए। कार में एक व्यक्ति और सवार था जो पुलिस विभाग से नहीं था। फिलहाल दोनों को निलंबित कर जेल भेज दिया गया है।
उधर, महिलाओं, नाबालिगों और बच्चियों से संबंधित मामलों में संवेदनहीनता बरतना थाना प्रभारी कोरांव को भारी पड़ गया। उनकी इस लापरवाही पर प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने निलंबित कर दिया है।
चेकिंग के दौरान अपने ही अफसर पर झाड़ने लगा रौब
चेकिंग के दौरान जब प्रशिक्षु आईपीएस व प्रभारी थानाध्यक्ष घूरपुर चिराग जैन ने उन्हें रोका तो नशे में धुत दोनों सिपाही अपने अधिकारी पर ही रौब झाड़ने लगे। इस हिमाकत पर तत्काल सिपाही कुशल द्विवेदी और सिपाही मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मृतक आश्रित कोटे की में मिली है नौकरी
कुशल द्विवेदी 2007 बैच और मोहम्मद आरिफ़ सिद्दीक़ी 2001 बैच के मृतक आश्रित कोटे से सिपाही हैं तथा वर्तमान में थाना कोतवाली पर तैनात थे। कुशल द्विवेदी पुत्र लखनलाल द्विवेदी बांदा ज़िले के ग्राम मोतियारी थाना नरैनी का रहने वाला है और मोहम्मद आरिफ़ सिद्दीक़ी पुत्र अब्दुल वहाब सिद्दीकी न्यू कालोनी ज्वालागंज, फ़तेहपुर ज़िले का निवासी है।
देशी पिस्टल के साथ पकड़े गए दोनों सिपाही
इनके पास से 0.32 बोर का देशी पिस्टल पकड़ा गया। ये दोनों सिपाही शराब के नशे में धुत थे तथा कार से मेहसिन सिद्दीकी पुत्र मोहम्मद सलीम सिद्दीकी निवासी साउथ मलाका थाना कोतवाली के साथ कार से घूम रहे थे। एएसपी प्रशिक्षु (वर्तमान थाना प्रभारी घूरपुर) IPS चिराग़ जैन की टीम ने तीनों को दफ़ा 3/25/35 शस्त्र अधिनियम में बुक कर जेल का रास्ता दिखाया दिया गया है।
लापरवाह और ढुलमुल रवैया रखने वाले पुलिसकर्मी होंगे दंडित
प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार का कहना है कि यह घटना उन पुलिसवालों के लिए सीख है कि आपराधिक प्रवृत्ति के पुलिसकर्मियों, अपराधियों से साठ-गांठ रखने वाले, महिलाओं, नाबालिग बच्चियों तथा बच्चों से संबंधित मामलों में जान बूझकर लापरवाही, आलस्य, ढुलमुल रवैया बरतने वाले पुलिस अधिकारियों / कर्मचारियों पर कठोर कार्यवाही होगी। कानून-व्यवस्था का पालन न करने वाले और कानून को अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा फिर चाहे वो पुलिस डिपार्टमेंट का ही बंदा क्यों न हो।
महिलाओं-बच्चियों के मामलों में ढुलमुल रवैया अपनाने पर थाना प्रभारी कोरांव सस्पेंड
महिलाओं, नाबालिगों और बच्चियों से संबंधित मामलों में संवेदनहीनता बरतना थाना प्रभारी कोरांव को भारी पड़ गया। उनकी इस लापरवाही पर प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है।
महिला हेल्प डेस्क की शिकायतों को नहीं ले रहे थे गंभीरता से
प्रयागराज के एसएसपी अजय कुमार ने थाना प्रभारी कोरांव, दारोगा संतोष कुमार तथा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी के विरुद्ध मिल रही शिकायतों की जांच के आदेश दिए थे। शिकायत मिल रही थी कि थाना प्रभारी महिलाओं, नाबालिगों और बच्चियों से संबंधित महिला हेल्प डेस्क पर शिकायतों को न ही गंभीरता से ले रहे हैं और न ही कोई कार्रवाई कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कोरांव थाना प्रभारी संतोष कुमार के खिलाफ जांच बैठा दी गई थी। जांच अधिकारी एसपी गंगापार को बनाया गया था।
दारोगा के खिलाफ शुरू हुई विभागीय कार्रवाई
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया संतोष कुमार के खिलाफ शिकायतें सही पाई गईं। जांच रिपोर्ट में दारोगा संतोष कुमार दोषी पाए गए। इसलिए तत्काल प्रभाव से दारोगा संतोष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। वहीं, शेष पुलिसकर्मियों के खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर सत्यता के आधार पर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, नाबालिग बच्चियों तथा बच्चों से संबंधित मामलों में जान बूझकर लापरवाही, आलस्य, ढुलमुल रवैया बरतने वाले अधिकारियों, पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
