प्रयागराज: प्रयागराज मंडल के सबसे बड़े सरकारी स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में अब एंजियोग्राफी की सुविधा भी मरीजों को होगी। मंगलवार से इसकी सुविधा मरीजों को मिलेगी। बाहर निजी अस्पतालों में एंजियोग्राफी के लिए 25 हजार रुपये मरीज को देना पड़ता था वह अब यहां 1600 रुपये में ही हार्ट के मरीज एंजियोग्राफी करा सकेंगे। यदि हार्ट के मरीज एंजियोप्लास्टी भी कराना चाहते हैं तो उसके लिए यहां मरीज को 3300 रुपये देना होगा। यह सुविधा एसआरएन अस्पताल के अंदर PMSSY (प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना) के तहत बने सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल में मिलेगी। इसमें प्लास्टिक सर्जरी, हार्ट संबंधित सर्जरी समेत कैंसर मरीजों की भी सर्जरी हो सकेगी।
कोरोना के चलते नहीं हो पा रही थी शुरूआत
दो साल से कोरोना महामारी के चलते अस्पताल में इसकी शुरूआत नहीं हो पा रही थी। क्योंकि इस अस्पताल को लेवल-3 को कोविड अस्पताल बनाया गया था और यहां बड़ी संख्या में कोरोना के गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा है। अब कोरोना अंतिम चरण में है तो शासन की अनुमति के बाद यह व्यवस्था शुरू कराई गई है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि यह प्रयागराजवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। स्पेशलिस्ट डाक्टरों द्वारा यहां एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी किया जाएगा। अभी तक इसके लिए मरीज को दिल्ली और लखनऊ के बड़े अस्पतालों में जाना होता था लेकिन अब यह सुविधा यहीं पर मिलेगी।
