प्रयागराज: उत्तर मध्य रेलवे ने अब तक एक दर्जन के करीब होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का शेड्यूल जारी किया है। इनमें से प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों से सात के करीब ट्रेनों की आवाजाही होनी है। इसके बावजूद रंगों के पर्व पर ट्रेनों में जगह के लिए मारामारी की नौबत है। खासकर पंद्रह से लेकर बीस मार्च की तारीखों पर तो कई ट्रेनों में नो रूम और लंबी प्रतीक्षा सूची से मुसाफिरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा बुकिंग को लेकर मुसीबत दिल्ली, मुंबई और बिहार रूट की ट्रेनों में है। अहम ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची सूची स्लीपर में सौ से दो सौ तक पहुंच गई है। थ्री एसी में भी लंबी सूची है। होली की छुट्टी के मद़्देनजर चुनिंदा तारीखों पर टिकटों की बुकिंग को लंबी लाइन लग रही है। ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग इतनी ज्यादा है कि अब एजेंसी संचालक भी हाथ खड़ा कर दे रहे हैं। संगम, प्रयागराज, हमसफर एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, पूर्वा एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में खास तारीखों पर प्रतीक्षा सूची है। कई में तो वेटिंग लंबी होने लगी है। एसी थ्री और स्लीपर में सबसे ज्यादा भीड़ है। महानगरी, कामायनी, बाम्बे मेल, तुलसी, गोदान और काशी एक्सप्रेस में अब जगह नहीं है।
