प्रयागराज (राजेश सिंह): मेडिकल कॉलेज परिसर में वार्ड ब्वॉय पंकज पटेल (35) की हत्या अवैध संबंध के कारण की गई थी। यही नहीं, इसमें उसके बेहद करीबी लोगों का हाथ था। तफ्तीश में जुटी पुलिस को इस हत्याकांड में बेहद अहम सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।
पंकज की मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में गला रेतकर हत्या की गई थी। उसका खून से लथपथ शव एक दिन पहले इसी क्वार्टर से बरामद हुआ था। पुलिस ने उसके करीबी दोस्त अल्लापुर निवासी गोलू को हिरासत में ले लिया था। सूत्रों का कहना है कि गोलू से पूछताछ और जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था। इसके अलावा दो अन्य महिलाओं के यहां भी उसका आना-जाना था। इसे लेकर उसका अपनी पत्नी से कई बार विवाद भी हो चुका था। गलत संगत में पड़ने के कारण परिवार के लोग भी थे नाराज
अपनी इसी आदत के चलते उसने काफी पैसा भी लुटा दिया था। अल्लापुर स्थित मकान बेचने पर उसे 30 लाख रुपये मिले थे। इसमें से 12 लाख रुपये उसने अपनी अनाप-शनाप आदतों में खर्च कर दिए थे। इसे लेकर परिवारवाले भी उससे नाराज थे। सूत्रों का कहना है कि जांच पड़ताल के दौरान पुलिस के को ऐसे सुराग मिले हैं जो केस के खुलासे में बेहद अहम हो सकते हैं। जिसके बाद पुलिस कुछ अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। फिलहाल इस मामले में अफसर ज्यादा कुछ नहीं बता रहे हैं। उनका कहना है कि जांच पड़ताल चल रही है।
क्या था मामला
मूल रूप से नवाबगंज का रहने वाला मेडिकल कॉलेज का वार्ड ब्वॉय पंकज 18 मार्च की रात आखिरी बार देखा गया था। 20 मार्च की सुबह उसका शव कमरे के भीतर मिला। गला रेतने के साथ ही उसके सिर पर भी चोट के निशान थे।
