प्रयागराज: 25 मार्च को इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय कैंपस में ऑनलाइन एग्जाम की मांग कर रहे छात्रों ने जमकर बवाल किया था। इस दौरान कुछ छात्रों ने आत्मदाह करने का प्रयास किया था। अब इन छात्रों के खिलाफ इविवि प्रशासन सख्त हो गया है। चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर हर्ष कुमार ने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
25 मार्च को किया था आत्मदाह का प्रयास
चीफ प्राक्टर की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 25 मार्च की दोपहर अमित कुमार पांडेय, अजय सिंह उर्फ सम्राट, आशुतोष पटेल उर्फ राहुल, सत्यम कुशवाहा और शिवबली यादव आदि द्वारा सुनियोजित तरीके से भड़काने और प्रेरित करने से हरिओम यादव, मोहम्मद सैफ, पवन शर्मा एवं तीन अज्ञात छात्रों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या का प्रयास किया।
जिस पर पुलिस ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय सुरक्षाकर्मियों की मदद से छीना झपटी करके उनकी जान बचाई। इस घटना से परिसर में अराजकता का माहौल बना रहा।
