
वाराणसी. उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण के लिए सोमवार को वोटिंग हो रही है. अंतिम चरण में नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है. इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने लोगों से राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के लिए मतदान करने की अपील की है. सीएम योगी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 (Uttar Pradesh Assembly Elections) का आज अंतिम चरण है. सभी सम्मानित मतदाता गण राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय के लिए मतदान अवश्य करें. आपका एक वोट माफियावादियों, दंगावादियों और घोर परिवारवादियों से आपके प्रदेश को बचाएगा. अतः पहले मतदान करें फिर जलपान करें.’
‘आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन’-PM मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि ‘उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है. सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान में पूरे जोश-खरोश से भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं.’
10 मार्च को आएंगे चुनाव नतीजे
सातवें एवं अंतिम चरण में वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज,
गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ और जौनपुर जिलों में वोटिंग हो रही है. मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से लोगों की कतारें दिखनी
शुरू हो गईं. इस चरण में 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग
करेंगे और इनमें 1.09 करोड़ पुरुष, 97.08 लाख महिला तथा 1027 तृतीय श्रेणी
(ट्रांसजेंडर) के मतदाता हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्ववर्ती
छह चरणों में 349 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है. पहले
चरण का मतदान 10 फरवरी को हुआ था और 10 मार्च को मतगणना होगी.

