
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की रणभेरी बज चुकी है। प्रयागराज में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में अब प्रचार के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है।
बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को कौशांबी में जबकि 24 फरवरी को प्रयागराज के फाफामऊ में जनसभा करेंगे। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी 22 फरवरी को प्रयागराज आ रहे हैं।
उधर, 21 फरवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती भी संगम नगरी आ रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भी आने की खबर है। ऐसे में संगम नगरी में चुनावी गहमागहमी बड़ गई है।
मोदी की रैली से पूरे काशी क्षेत्र को साधने की कोशिश
भाजपा जिलाध्यक्ष गणेश केसरवानी ने बताया कि प्रधानमंत्री 23 फरवरी को कौशांबी के सिराथू में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समर्थन में जनसभा करेंगे। इसके बाद 24 फरवरी को प्रयागराज के फाफामऊ में जनसभा रखी गई है। इसमें भी प्रधानमंत्री भाग लेंगे। मोदी की यह रैली मतदाताओं पर कितना प्रभाव डाल पाती है यह तो समय बताएगा पर इस रैली के माध्यम से पूरे काशी क्षेत्र को संदेश देने का मोदी का प्रयास होगा।
राष्ट्रीय महामंत्री समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने डाल रखा है डेरा
प्रधानमंत्री की रैली के महत्व को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, काशी क्षेत्र के चुनाव प्रभारी महिला मोर्चा नंदा डगला ने 3 दिन से प्रयागराज में डेरा डाल रखा है। अब तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। तैयारियों और सभा स्थल को लेकर भी आज बैठक हो रही है।
योगी और अमित शाह भी हो सकते हैं शामिल
माना जा रहा है कि प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों पर कमसे कम अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने के लिए बीजेपी अमित शाह व योगी आदित्यनाथ की सभाएं करा सकती है। भाजपा के सामने सबसे अधिक दबाव अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराना है। भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से 12 में कुल 9 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। सोरांव विधानसभा सीट पर अपना दल एस के प्रत्याशी ने विजय हासिल की थी।
ओवैसी 21 को प्रयागराज में करेंगे सभा
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 21 फवरी को प्रयागराज में रहेंगे। वे करेली में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी एएमआईएम के प्रयागराज मंडल प्रवक्ता अफसर महमूद ने दी। बसपा सुप्रीमो मायावती का 21 फरवरी को प्रयागराज का दौरा तय हो गया है। मायावती इस बार के विधानसभा चुनाव में बहुत कम प्रचार के लिए निकली हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती की निगाह सुरक्षित सीटों पर है। 2017 विधानसभा चुनाव में बसपा को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा था। मायावती की सभा केपी कॉलेज में होगी। सपा के प्रदेश महासचिव राजनारायण बिंद भी प्रयागराज में आज पहुंच गए हैं। अब वे 19, 20 और 21 फरवरी को पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएं करेंगे। वह जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। जिलाध्यक्ष योगेशचंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा 23 फरवरी को गंगापार और यमुनापार में सभा करेंगे। सपा प्रमुख का भी 25 फरवरी तक प्रयागराज आने का कार्यक्रम है। सपा नेता व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा भी 23 फरवरी से प्रयागराज आएंगे।
