
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वीडियो ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. शनिवार को अखिलेश ने एक बच्चे का वीडियो ट्वीट कर लिखा, ‘छोटे सरकार… कह गये बड़ी बात.’ दरअसल, वीडियो में दिखाया गया बच्चा कह रहा है- इतना तो मजनूं भी नहीं पिटा लैला के प्यार में जितना बेरोजगार छात्र पिटे भाजपा की सरकार में.’ वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि तीसरे चरण (3rd Phase) में 16 जिलों की 59 सीटों पर 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे. दोनों ही प्रमुख दलों भाजपा व सपा के लिए यह चरण अहम माना जा रहा है. इस चरण पर प्रदेश ही नहीं देशभर की नजर लगी हुई हैं. इसकी मुख्य वजह करहल विधानसभा सीट है. इस सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं. इससे पहले जालौन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने BJP और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने खासकर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान भाइयों मिट्टी की कसम खाइए कि आप भाजपा का सफाया कर देंगे. जनसभा में अखिलेश यादव ने वापस लिए गए 3 कृषि कानूनों का भी उल्लेख किया.उन्होंने कहा, ‘जो 3 (कृषि) कानून लाए गए थे, उनके खिलाफ किसान खड़ा हुआ. 750 किसान शहीद हुए तब जाकर कानून वापस हुए. ये जानते थे कि उत्तर प्रदेश और पंजाब में इनका सफाया हो जाएगा, इसीलिए इन्होंने काले कानून वापस लिए.’ सपा प्रमुख ने महंगाई को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला. सपा प्रमुख ने पूछा कि यदि इनका (BJP) एक भी नेता महंगाई पर बोल रहा हो तो बता दीजिए
