प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लालगोपालगंज कस्बे में दिवाली की रात मां के साथ बाजार गई 4 वर्षीय मासूम बच्ची 'तारा' अचानक लापता हो गई थी।
परिजनों की रात भर की मशक्कत और तलाश के बाद, सोमवार सुबह बच्ची का शव नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित तालाब में तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बाजार की भीड़ में मां से बिछड़ी थी मासूम जानकारी के मुताबिक, दानियालपुर निवासी जफर अदील की 4 साल की बेटी तारा दिवाली की रात अपनी मां सतूदा बेगम के साथ लालगोपालगंज कस्बे के बाजार में खरीदारी करने गई थी।
पर्व के कारण बाजार में भारी भीड़ थी, इसी दौरान मासूम मां का हाथ छूटने से भीड़ के बीच गुम हो गई। मां ने काफी देर तक उसे तलाशने की कोशिश की, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और पूरी रात इलाके में खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।
नगर पंचायत के पास तालाब में उतराता मिला शवसोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय के बगल में बने तालाब में एक बच्ची का शव पानी में उतराते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नवाबगंज थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान लापता बच्ची तारा के रूप में हुई।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच तेजघटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।
CCTV फुटेज की स्कैनिंग: पुलिस ने लालगोपालगंज बाजार की लगभग 20 दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची भीड़ में किधर गई या उसे कोई अपने साथ तो नहीं ले गया।
पूछताछ जारी: आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

