![]() |
| डिजिटल होगी इस बार की जनगणना, घर बैठे खुद भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म |
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) में सोमवार को आगामी 'जनगणना-2027' को लेकर एक दिवसीय स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरस्वती परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में कुलपति प्रो. ए.के. सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जनगणना की नई डिजिटल प्रक्रिया और घर बैठे खुद फॉर्म भरने के तरीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
अब तक की सबसे आधुनिक होगी 2027 की जनगणना
कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय की जनगणना-2027 की नोडल अधिकारी प्रो. श्रुति ने स्वतंत्र भारत में अब तक हुई सभी 8 जनगणनाओं के ऐतिहासिक सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय के साथ जनगणना का स्वरूप कागज से निकलकर अब पूरी तरह डिजिटल युग में आ गया है। 2027 की जनगणना अब तक की सबसे आधुनिक और तकनीक-आधारित होगी, जिसमें आम नागरिकों की सीधी भागीदारी पहले से कहीं अधिक रहेगी।
डिजिटलीकरण से बचेगा समय, कम होगी त्रुटियों की संभावना
कुलसचिव विनय कुमार ने जनगणना के डिजिटलीकरण के फायदों पर चर्चा करते हुए कहा कि इससे समय और सरकारी खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि कागजी फॉर्म भरने के दौरान नाम, उम्र या पते में त्रुटियों की आशंका रहती थी, लेकिन डिजिटल सिस्टम में डेटा की तुरंत जांच और सुधार संभव होगा। सटीक आंकड़े देश और समाज के विकास की सही योजनाएं बनाने में मददगार साबित होंगे।
सिर्फ गिनती नहीं, विकास का आधार है जनगणना
स्कूल ऑफ साइंसेज के निदेशक प्रो. आशुतोष गुप्ता ने जनगणना के शुरुआती चरणों, मकानों की सूची बनाने और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि जनगणना केवल लोगों की गिनती नहीं है। इससे शिक्षा, रोजगार, शौचालय, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है, जो गांवों और शहरों के विकास का रोडमैप तैयार करती है।
'हाउसहोल्ड' की परिभाषा और प्रयागराज की तैयारियां
हाउसहोल्ड के नियम: जनगणना विभाग के सहायक निदेशक एवं नोडल अधिकारी (प्रयागराज) जे.के. श्रीवास्तव ने 'हाउसहोल्ड' की परिभाषा स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि एक ही छत के नीचे रहने और एक ही रसोई में खाना खाने वाले सदस्य एक हाउसहोल्ड माने जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने किरायेदारों, हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और अलग-अलग परिवारों की गणना के नियमों को भी विस्तार से समझाया।
प्रशासनिक तैयारी: नगर निगम प्रयागराज के चार्ज ऑफिसर सुदर्शन चंद्रा ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब जनगणना कर्मी घर आएं, तो उन्हें सही जानकारी देकर पूरा सहयोग करें।
प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि मास्टर ट्रेनर्स के रूप में राजस्व निरीक्षक कमलेश पांडेय, कर्नलगंज इंटर कॉलेज के प्रवक्ता एवं फील्ड ट्रेनर रविंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार दीक्षित, मनोज कुमार और रोहित नंदन विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण दिया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने मोबाइल न होने पर गणना के विकल्प, गलत जानकारी में सुधार, विदेश में रह रहे परिजनों और किरायेदारों की गणना से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया। प्रशिक्षकों ने आश्वस्त किया कि जनगणना में दी गई हर जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अंत में सभी से इस जानकारी को अपने परिवार और मोहल्ले तक पहुंचाने का आह्वान किया गया ताकि कोई भी नागरिक जनगणना से वंचित न रहे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनुज कुमार सिंह ने किया।
