प्रयागराज। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत पिछड़ी जाति पूर्वदशम् एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में शिक्षण संस्थानों की लापरवाही सामने आई है। जनपद के विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में हजारों पात्र छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन अब भी लंबित पड़े हैं, जिन्हें आगे अग्रसारित (फॉरवर्ड) नहीं किया गया है। इस पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संस्थानों को तत्काल आवेदन अग्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।
30 हजार से अधिक आवेदन अब भी लंबित
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 23 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन किए गए आवेदनों के सापेक्ष अग्रसारण की स्थिति अत्यंत धीमी है:
कक्षा 9 और 10 (पूर्वदशम छात्रवृत्ति): कुल 48,376 ऑनलाइन आवेदनों में से केवल 44,994 आवेदन ही अग्रसारित किए गए हैं (3,382 लंबित)।
कक्षा 11 और 12: कुल 45,888 ऑनलाइन आवेदनों के सापेक्ष मात्र 41,428 आवेदन ही आगे बढ़ाए गए हैं (4,460 लंबित)।
दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 12 से ऊपर की कक्षाएं): कुल 1,38,572 आवेदनों में से केवल 1,16,415 आवेदन ही शिक्षण संस्थानों द्वारा अग्रसारित किए गए हैं (22,157 लंबित)।
सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग प्रभावित हुई तो होगी कार्रवाई
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालय और शिक्षण संस्थान पात्र छात्रों के आवेदनों को तत्काल अग्रसारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि संस्थान स्तर पर डाटा लंबित रखे जाने के कारण कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित रहता है, अथवा नवंबर 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग प्रभावित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की होगी। ऐसे लापरवाह संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
