कार्यों में लापरवाही बरतने पर कई चिकित्सा अधीक्षकों का वेेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण लिए जाने के दिए निर्देश
प्रयागराज 29 अक्टूबर।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को संगम सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कौड़िहार कोरांव और रामनगर के चिकित्सा अधीक्षकों का टीकाकरण कार्यक्रम में लापरवाही को देखते हुए उनका वेतन रोकने तथा तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिया। कौड़िहार ब्लॉक में डब्ल्यूएचओ के मॉनिटरिंग रिपोर्ट में 72 प्रतिशत बच्चे ही फुल इम्यूनाइजेशन पाए गए। इसी तरीके से कोरांव ब्लॉक में 77 प्रतिशत बच्चे फुल इम्यूनाइज पाए गए। इसके अलावा उरुवा ब्लॉक में 77 प्रतिशत बच्चों को ही पूर्ण टीकाकरण पाया गया, जिसके कारण जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए चिकित्सा अधीक्षक कौड़िहार, कोरांव और रामनगर के चिकित्सा अधीक्षक का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने तथा इनको स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यह भी निर्देशित किया कि उक्त ब्लॉकों का परफॉर्मेंस में सुधार होने के बाद ही उक्त चिकित्सा अधीक्षकों का वेतन निर्गत किया जाएगा। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने गौसनगर एवं रानी मंडी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का भी वेतन रोकने तथा उनको स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। गौसनगर में 60 प्रतिशत तथा रानीमंडी में 76 प्रतिशत बच्चों का ही पूर्ण प्रतिरक्षण पाया गया। जिलाधिकारी ने समस्त चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में पूर्ण मनोयोग से काम करें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिलाधिकारी ने कौधियारा, मेजा, बहरिया सोरांव मऊआइमा एवं उरुवा ब्लॉक में भी डब्ल्यूएचओ की मॉनिटरिंग के दौरान बड़ी संख्या में मिस्ड बच्चे पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त किया तथा वहां के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देश दिया कि वे डेवलपमेंट पार्टनर एवं डीसीपीएम के माध्यम से इनकी टीम बनाकर ऐसे क्षेत्र जहां पर बच्चे अनइम्यूनाइज पाए जाएं या जहां पर प्रतिरोधी परिवार पाए जा रहे हैं, वहां पर जाकर उनको मोबिलाइज करें तथा वहां पर टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी महोदय ने शहरी क्षेत्र की दस निष्क्रिय आशाओं को हटाने का निर्देश देते हुए उनके स्थान पर नवीन आशाओं के चयन का निर्देश दिया। इसके अलावा जिलाधिकारी महोदय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत एनएम श्रीमती ऊषा देवी, एलटी राहुल पांडे एवं सीएचओ श्रीमती आयशा रानी को लंबे समय से अनिधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने तथा तीन नोटिस जारी करने के बाद भी कोई जवाब नहीं देने के कारण उनकी संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश दिया.जिलाधिकारी ने संचारी एवं दस्तक अभियान की भी समीक्षा किया. जिलाधिकारी ने उन सभी विभागों को चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिया जिनका प्रदर्शन राज्य औसत के सापेक्ष कम पाया गया।
जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान आशाओं द्वारा अपेक्षित विजिट नही किये जाने पर डीसीपीएम अशफाक अहमद को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिया. जिला कार्यक्रम अधिकारी ICDS को बैठक में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण जारी करने का भी निर्देश जिलाधिकारी ने दिया.

