मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय तहसील कोरांव के शैक्षिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय तहसील कोरांव के शैक्षिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

 


मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय तहसील कोरांव के शैक्षिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न


*मण्डलायुक्त ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश*


*व्यक्तित्व विकास, पब्लिक स्पीकिंग तथा डिबेट सहित अन्य गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए बच्चो को करें प्रोत्साहित*


*मण्डलायुक्त ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अटल आवासीय विद्यालय बेलहट का शत-प्रतिशत रिजल्ट होने के कारण प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर दी बधाई, आगे भी इसी तरह के परिणाम प्राप्त होने की अपेक्षा की*


*अटल आवासीय विद्यालय बेलहट में कक्षा-10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री हर्षित (96.6 प्रतिशत) तथा बालिकाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुश्री मोनिका (92.2 प्रतिशत) को मण्डलायुक्त के द्वारा मोमेण्टों देकर किया गया सम्मानित*


प्रयागराज 10 जुलाई


मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को गांधी सभागार में अटल आवासीय विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव के शैक्षिक गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप निदेशक श्रम एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य के द्वारा बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अटल आवासीय विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव का शत-प्रतिशत रिजल्ट रहा, जिसके कारण प्रदेश के सभी अटल आवासीय विद्यालयों में अटल आवासीय विद्यालय ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव प्रथम स्थान पर रहा। मण्डलायुक्त ने प्रधानाचार्य एवं अन्य अध्यापकों एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह के परिणाम प्राप्त हो और आगे भी विद्यालय इसी तरह प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करता रहे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में अटल आवासीय विद्यालय बेलहट में कक्षा-10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री हर्षित (96.6 प्रतिशत), तथा बालिकाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुश्री मोनिका (92.2 प्रतिशत) को मण्डलायुक्त के द्वारा मोमेण्टो देकर सम्मानित किया गया।


      मण्डलायुक्त ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं की शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए एक महीने के कोचिंग के माध्यम से ब्रीज कोर्स कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग एवं अन्य क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने के लिए उनको निःशुल्क कोचिंग की भी सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालय के बच्चों के व्यक्तित्व विकास, पब्लिक स्पीकिंग तथा डिबेट इत्यादि सहित अन्य गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। बैठक में बताया गया कि विद्यालय की सुरक्षा एवं स्वच्छता सम्बंधी विभिन्न कार्यों को कराये जाने हेतु कार्यदायी संस्था यूपीसिडको को अप्रैल माह में ही धनराशि दी जा चुकी है, किंतु अभी तक कार्यदायी संस्था के द्वारा कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है। मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को टेण्डर आदि की प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण कराते हुए 10 दिन के अंदर कार्य शुरू कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी सचेत किया है कि 10 में यदि कार्य नहीं शुरू हुआ तो कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारी अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। बैठक में बताया गया कि विद्यालय में ठोस अपशिष्ट कूड़ा उठाने हेतु नगर पंचायत कोरांव को पत्र प्रेषित किए गए है, परंतु उनके द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को नगर पंचायत कोरांव के माध्यम से नियमित अंतराल पर कूड़ा उठाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा है।


      बैठक में बताया गया कि विद्यालय में विद्युत एवं अन्य सेवाएं, एलटी पैनल, एचटी पैनल, अडर ग्राउण्ड विद्युत केबिल तथ एचटीपी प्लांट के माध्यम से सुनिश्चित होती है। इन प्रणालियों का वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध उपलब्ध न होने के कारण तकनीकी खराबी आने पर मरम्मत में विलम्ब होता है, जिससे विद्युत आपूर्ति, छात्र-छात्राओं की पढ़ाई व अन्य आवश्यक व्यवस्थायें प्रभावित होती है, इसके लिए एचटीपी प्लांट के नियमित संचालन एवं समय-समय पर आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव हेतु वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध कराया जाना आवश्यक है। मण्डलायुक्त ने विद्युत विभाग को इससे सम्बंधित इस्टीमेट बनाकर प्रस्तुत करने तथा इस्टीमेट के आधार पर प्रस्ताव को शासन स्तर पर भेजवाये जाने के लिए कहा है। बैठक में बताया गया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए एक अतिरिक्त खेल मैदान की आवश्यकता है। मण्डलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को अतिरिक्त खेल मैदान हेतु जमीन का चिन्हीकरण एवं अधिग्रहण कराकर प्रस्ताव शासन को भेजवाये जाने हेतु कहा। इसके साथ ही साथ मण्डलायुक्त ने विद्यालयों में कराये जाने वाले अन्य कार्य जो विद्यार्थियों के शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए हो, ऐसे कार्यों को कराये जाने हेतु सम्बंधित विभागों से इस्टीमेट बनवाकर शासन को प्रेषित किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उपश्रमायुक्त श्री सुमित कुमार, प्रधानाचार्य श्री गोपाल मिश्र-अटल आवासीय विद्यालय बेलहट, डायट प्राचार्य सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies