रिसोर्स सेंटर कंपोजिट आदर्श, सी पी आई स्कूल नगर क्षेत्र प्रयागराज में दिनांक 13 मई 2026 को नगर क्षेत्र के समस्त दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों हेतु अभिभावक परामर्श एवं दिव्यांग बच्चों के मार्गदर्शन संबंधी विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:00 किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, स्वावलंबन, व्यवहारिक विकास एवं उनके अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं पूर्व विभागाध्यक्ष हिन्दी विभाग, Dr. Malti Tewari द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष प्रतिभा हैं तथा उचित मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के मनोबल को बढ़ाने एवं नियमित रूप से शैक्षिक गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्री अनिल कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रयागराज के निर्देशन में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पांडे द्वारा कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन किया गया। जिला समन्वयक विकास पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि समेकित शिक्षा का उद्देश्य प्रत्येक दिव्यांग बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि विभाग दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र Pratibha Singh ने अपने संबोधन में अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने हेतु प्रेरित किया तथा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त दिव्यांग बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा टिफिन एवं पानी की बोतल वितरित की गई तथा सभी बच्चों एवं अभिभावकों को जलपान भी कराया गया।
इस अवसर पर श्री दिवाकर पांडे कनिष्ठ लिपिक चाका, श्री मुकेश सैनी सोल आर्क कोऑर्डिनेटर, नगर क्षेत्र के स्पेशल एजुकेटर, श्री बगची एवं समस्त बीआरसी स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं सराहनीय रहा। उपस्थित अभिभावकों ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की।
