प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी) क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल सामने आई है। ग्राम पंचायत बिशुनपुरा निवासी प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष व प्रधान प्रतिनिधि श्री राम तिवारी उर्फ बबलू तिवारी ने एक गरीब परिवार की बेटी का कन्यादान कर विवाह संपन्न कराया। विवाह समारोह सहतवार स्थित चरण बाबा के स्थान पर धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा है।
बताया जाता है कि श्री राम तिवारी के दो पुत्र हैं। पुत्री न होने के कारण उन्होंने संकल्प लिया था कि किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी का कन्यादान कर सामाजिक दायित्व निभाएंगे। इसी क्रम में उन्होंने अपने गांव की एक गरीब बेटी की शादी पूरे सम्मान और रीति-रिवाज के साथ कराई। इस अवसर पर उनकी पत्नी प्रधान प्रियम्बदा तिवारी ने भी साथ निभाते हुए कन्यादान की रस्म अदा की। प्रधान प्रतिनिधि ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आभूषण सहित अन्य आवश्यक गृहस्थी का सामान भी भेंट किया। विवाह समारोह में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता।
