मेजा, प्रयागराज: महिला से अश्लील कृत्य करने का वीडियो वायरल होने के मामले में सोमवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपी सपा नेता रामसागर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। जमानती धाराएं होने के चलते उन्हें थाने से ही जमानत दे दी गई।इससे पहले मेजा पुलिस ने आईटी एक्ट व सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य करने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहीं दोनों महिलाओं की तलाश की जा रही है। मामले में रिपोर्ट अनिल कुमार पांडेय चौकी प्रभारी सिरसा की तहरीर पर दर्ज की गई। तहरीर में उन्होंने बताया कि एक जून को एक एक्स हैंडल से महिला के साथ अश्लील हरकत करने का वीडियो वायरल हुआ। इसका संज्ञान लेकर जानकारी जुटाई गई तो यह व्यक्ति रामसागर यादव उर्फ मुखिया निवासी लोहरी उपरोड़ा सिरसा पाया गया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वीडियो में रामसागर महिलाओं के साथ अश्लील हरकत कर रहा है। वीडियो में दिखने वाली महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने बताया कि सात साल से कम की सजा से संबंधित धाराओं में मुकदमा होने के चलते आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई। वीडियो में दिख रहीं महिलाओं के बारे में पता लगाया जा रहा है। उनका बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उनका यह भी कहना है कि अश्लील वीडियो का प्रसारण करना भी गलत है और ऐसे में संबंधित एक्स यूजर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस मामले में आरोपी सपा नेता ने कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। वीडियो फर्जी है। वह ऐसी किसी भी जगह पर नहीं गए। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।