लखनऊ। UP Heatwave Alert: उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का सितम जारी है। पिछले दो-तीन दिन से गर्म हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने बुधवार से 30 से अधिक जिलों लू की चेतावनी जारी की है।
मंगलवार को लखनऊ, बांदा, गाज़ीपुर, प्रयागराज, वाराणसी, और गोरखपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार कर गया। बांदा सबसे गर्म रहा, जहां दिन का पारा रिकार्ड 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी में 41.4 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बांदा के साथ अन्य दो दर्जन से अधिक जिलों में भी दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना है, जिसका आम जनजीवन पर असर पड़ने लगा है। दिन ही नहीं, अब रातें भी गर्म हो रही हैं। आगरा, अलीगढ़, गाजीपुर में रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में लू और तपिश की स्थिति 20 मई तक बने रहने के आसार हैं। साथ ही लखनऊ में बुधवार को प्रचंड धूप की वजह से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक जा सकता है। रविवार, सोमवार और मंगलवार को राजधानी में दिन का पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रिकार्ड किया गया।
बरतें सावधानी
लोहिया संस्थान में मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रो. विक्रम सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश में इस समय चल रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण लू का खतरा बढ़ गया है। ऐसे मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखने का प्रयास करें। खूब तरल पदार्थ का सेवन करें। भोजन की मात्रा कम कर दें। सत्तू, बेल का शर्बत, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी और छाछ बेहद फायदेमंद है। यदि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में निकलने से बचें।