प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)। देशभर में आज 26 नवंबर को राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसके उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए इस दिन उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया जाता है।
संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि हमारा संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के सपनों, अधिकारों और समानता का प्रतीक है। संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर लोगों से अपील है कि वे संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करें और एक मजबूत, समतामूलक एवं लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
