प्रयागराज। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को झलवा स्थित निर्माणाधीन राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति का जायजा लिया और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी एवं सहायक आयुक्त सहकारिता साधना सिंह द्वारा निर्माण कार्य की निरीक्षण आख्या प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी से तत्काल स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी (DDO) को नया नोडल अधिकारी नामित करने के आदेश जारी किए।
मुख्य बिंदु:
नवंबर तक पूरा होगा निर्माण: कार्यदायी संस्था (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा।
गुणवत्ता और संसाधनों पर जोर: जिलाधिकारी ने मैनपावर और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम की गति तेज करने के निर्देश दिए।
ड्रेनेज और पार्किंग व्यवस्था: परिसर में जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) और पार्किंग निर्माण कार्य को भी समय से दुरुस्त करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और काम तय मानकों के अनुरूप ही पूरा होना चाहिए।


