प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के घर की नींव पड़ गई है। लूकरगंज में खाली कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए 76 फ्लैट का निर्माण पीडीए ने शुरू करा दिया है।
योजना के मुताबिक डेढ़ वर्ष में गरीबों के ये आशियाने बनकर तैयार हो जाएंगेे। बीते 26 दिसंबर 2021 को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस आवासीय योजना की आधारशिला रखी थी।पीएम आवास योजना के तहत लूकरगंज में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय फ्लैट का निर्माण शुरू हो गया है। शिलान्यास के महज महीने भर के भीतर अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई 1731 वर्ग मीटर जमीन पर आवासीय योजना का निर्माण शुरू होने से शहर के भीतर गरीबों के घर का सपना साकार होने की उम्मीद जग गई है।
इस योजना के तहत 458.88 लाख की लागत से 76 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। फिलहाल नींव भर दी गई है। पीडीए के अफसरों के मुताबिक इस चार मंजिला बिल्डिंग में स्टिल पार्किंग, कम्युनिटी हाल बनाया जाएगा। इसके अलावा सोलर लाइट भी लगाई जाएगी।
गरीबों के लिए तैयार की जा रही इस आवास योजना की डिजाइन ग्रीन बिल्डिंग के रूप में होगी। यह आवासीय योजना करीब डेढ़ वर्ष में पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी। इसके बाद इन आवासों का आवंटन लाभार्थियों को किया जाएगा।
एक फ्लैट की लागत छह लाख, 2.50 लाख रुपये मिलेगा अनुदान
लूकरगंज में अतीक से मुक्त कराई गई जमीन पर बनने वाले आशियानों में एक फ्लैट की लागत छह लाख रुपये आएगी। इसमें से 1.50 लाख रुपये का अनुदान केंद्र सरकार देगी। जबकि, एक लाख रुपये का अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। इसके अलावा 3.50 लाख रुपये इस आवासीय योजना के तहत चयनित लाभार्थी को देना होगा।
माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आशियाने का निर्माण शुरू होने से लोगों में उम्मीद जग गई है। लोगों का कहना है कि यह इलाका पहले माफिया के खौफ से कांपता था। ऐसे में लोगों को उम्मीद ही नहीं थी कि भूमि पूजन के बाद इतनी जल्दी यहां काम भी शुरू हो पाएगा, लेकिन काम आरंभ होने के साथ ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान तैरने लगी है।
माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर आवास योजना के तहत निर्माण आरंभ करा दिया गया है। नींव भरने का काम पूरा हो गया है। अगर कोई व्यवधान नहीं आया तो निर्धारित समयावधि के भीतर इस आवासीय योजना को पूरा कर लिया जाएगा। लॉटरी से इस योजना के लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
