पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद–2026: रज्जू भैया विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता का भव्य आयोजन; राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को दिया उद्यमी बनने का संदेश
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद–2026: रज्जू भैया विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता का भव्य आयोजन; राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को दिया उद्यमी बनने का संदेश



प्रयागराज। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 4 नवंबर को 'पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद–2026' का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

वैदिक मंगलाचरण व नवीन सुविधाओं का लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलाधिपति के आगमन के पश्चात वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। कुलाधिपति महोदया ने विश्वविद्यालय परिसर की नवीन शैक्षिक सुविधाओं का लोकार्पण किया तथा स्टार्टअप प्रदर्शनी एवं फिटनेस स्टूडियो का उद्घाटन व अवलोकन किया।

 इसके बाद सभागार में विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत एवं कुलगीत प्रस्तुत किया गया। स्वागत उद्बोधन कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। 

 नवाचार, वैश्विक प्लेटफॉर्म और स्थानीय पर्यटन पर मंथन विषय प्रवर्तन प्रस्तुत करते हुए विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर एम. बोबडे ने वाराणसी, अयोध्या और मथुरा जैसे सांस्कृतिक नगरों में टूरिज्म को स्टार्टअप्स से जोड़ने तथा 'समर्थ से सामर्थ्य' नेटवर्क के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने पर बल दिया।

एकेटीयू लखनऊ के कुलपति प्रो. जय प्रकाश पाण्डेय ने आयोजन की रूपरेखा रखते हुए कहा कि एप्पल, गूगल, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे वैश्विक प्लेटफॉर्म्स की शुरुआत भी स्टार्टअप्स के रूप में ही हुई थी।

 उन्होंने 'फिजिक्स वाला' का उदाहरण देते हुए युवाओं को विकसित भारत के संकल्प में भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित किया। तीन महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र प्रथम सत्र: डॉ. अभय जेरे (एमडी एवं सीईओ) ने 'डिजाइन थिंकिंग' और 'फेल अर्ली, फेल Fast' की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालयों में 1-2 सप्ताह का अनिवार्य डिजाइन थिंकिंग कोर्स शुरू करने का सुझाव दिया।

द्वितीय सत्र: यूपी स्टार्टअप मिशन के सीईओ श्री सुमित राजेश महाजन (IAS) ने डीप टेक स्टार्टअप्स के लिए सीड कैपिटल, प्रोटोटाइप अनुदान, 40 करोड़ तक के पेशेंस कैपिटल तथा R&D वित्तीय प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी दी।

तृतीय सत्र: एकेटीयू इनोवेशन हब के एडवाइजर प्रो. एस.पी. मिश्र ने प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने पर जोर दिया और युवाओं को अपने नवाचारी विचारों के साथ आगे आने का आह्वान किया।

पैनल डिस्कशन और एमओयू अपराह्न सत्र में माननीय कुलाधिपति की अध्यक्षता में कुलपतियों की गोलमेज बैठक संपन्न हुई। इसके बाद सिडबी के उप महाप्रबंधक श्री प्रत्यूष मिश्र, निवेशक श्री अमित सिंघल और सफल स्टार्टअप संस्थापकों के साथ पैनल चर्चा आयोजित की गई। समापन सत्र में आइडियाथॉन विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा एकेटीयू लखनऊ के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

 स्थानीय समस्याओं को बनाएं स्टार्टअप का आधार: राज्यपाल अध्यक्षीय उद्बोधन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गुजरात और महाराष्ट्र में जल संकट के स्थायी समाधानों का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिनाइयाँ ही नवाचार को जन्म देती हैं।

 उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आस-पास की समस्याओं—जैसे पानी, कचरा प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य—को ही अपने स्टार्टअप आइडिया का आधार बनाएं।

राज्यपाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा:"नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें और विकसित भारत @2047 के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।" 

 1200 से अधिक प्रतिभागियों की रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीतांजलि श्रीवास्तव, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. यामिनी एस., सुश्री वंदना शर्मा एवं डॉ. प्रियंका सक्सेना ने संयुक्त रूप से किया।

 इस अवसर पर लगभग 1200 प्रतिभागी, सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यगण एवं विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का समापन हुआ।   

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies