प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)। गड़वार शिक्षा क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में सोमवार की सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार के 12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की मौत हो गई। घटना के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया, जबकि शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र लिखा गया है।
क्या हुआ
विशुकिया निवासी मोहम्मद इजहार अहमद का पुत्र अरशद अहमद उसी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह स्कूल पहुंचने के बाद उसे विद्यालय की छत पर चढ़कर लौकी तोड़ने के लिए कहा गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंचे और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने के साथ मुआवजे व कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर एसडीएम, सीओ, बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
शिक्षा विभाग की कार्रवाई
प्रथम दृष्टया खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बीएसए के अनुसार, शिक्षकों पर शिथिल पर्यवेक्षण और उत्तरदायित्व निभाने में उदासीनता का आरोप है।
बीएसए ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के संशोधित प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। शिक्षामित्र दीपचंद राम की सेवा समाप्ति के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र लिखा गया है।
आगे की कार्रवाई
प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है। बीएसए ने संकेत दिया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई भी संभव है। वहीं, विद्यालय की छत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने के मद्देनजर स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि गांव में छात्र की असमय मौत को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

